
पटना, 17 जनवरी (पटना डेस्क) पटना के चित्रगुप्त नगर स्थित गर्ल्स हॉस्टल में नीट की छात्रा के साथ कथित दरिंदगी और उसकी संदिग्ध मौत का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। 06 जनवरी को हुई इस घटना ने राजधानी से लेकर जहानाबाद तक लोगों को सड़क पर उतरने के लिए मजबूर कर दिया है। बढ़ते जनाक्रोश को देखते हुए नीतीश सरकार ने पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए हैं। गृह मंत्री सम्राट चौधरी के निर्देश पर पटना पुलिस ने विशेष जांच दल (SIT) का गठन कर दिया है, जिसकी रोजाना समीक्षा पटना आईजी जितेंद्र राणा करेंगे।

SIT का नेतृत्व पुलिस अधीक्षक, नगर पूर्वी करेंगे। टीम में एक-एक महिला एवं पुरुष डीएसपी, इंस्पेक्टर के साथ आवश्यकता अनुसार अवर निरीक्षक, सहायक अवर निरीक्षक और सिपाहियों को भी शामिल किया गया है। गृह मंत्री सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इसकी जानकारी साझा की है।इधर, पीड़ित परिवार ने पूरे मामले की जांच सीबीआई से कराने की मांग तेज कर दी है। परिजनों का आरोप है कि छात्रा की मौत से पहले उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में शरीर पर 10 जगहों पर जख्म और खरोंच के निशान मिलने से पुलिस के शुरुआती दावों पर सवाल खड़े हो गए हैं।

पहले पुलिस ने इसे आत्महत्या बताया था।पीड़िता की मां ने जन सुराज के प्रशांत किशोर को बताया कि हॉस्टल प्रबंधन और पुलिस ने मामले को रफा-दफा करने का दबाव बनाया। मां का आरोप है कि हॉस्टल की मैडम ने पैसे का लालच तक दिया। सवाल अब यह है कि क्या SIT जांच से पीड़िता को इंसाफ मिलेगा या मामला फाइलों में दब जाएगा?

