समस्तीपुर (अशोक “अश्क”) जिले के पटोरी क्षेत्र से उत्पाद विभाग की टीम ने सोमवार को शाहपुरपटोरी रेलवे स्टेशन से दो महिला शराब तस्करों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार महिलाओं की पहचान उजियारपुर निवासी सुनैना देवी और रोसड़ा निवासी नीतू कुमारी के रूप में की गई है। दोनों के पास से 20 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई।

उत्पाद विभाग की पदाधिकारी नेहा प्रियदर्शी ने बताया कि यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गई। टीम ने स्टेशन पर पहुंचकर दोनों महिलाओं को रंगे हाथों पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान दोनों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है और बताया कि वे हाजीपुर से शराब लाकर पटोरी में सप्लाई करती थीं। प्रति खेप उन्हें करीब 2000 रुपए मिलते थे।
गिरफ्तार सुनैना देवी ने बताया कि एक साल पहले सड़क हादसे में उसके पति छोटे सहनी की मौत हो गई थी, जो मछली का व्यवसाय करते थे। पति की मौत के बाद तीन बच्चों की जिम्मेदारी उस पर आ गई। आर्थिक तंगी के कारण वह पिछले छह महीने से शराब तस्करी में लिप्त है।
नीतू कुमारी, जो कि सुनैना की ननद है और इंटर की छात्रा है, भी इस काम में शामिल हो गई। उसने बताया कि उसके पिता सुरेश महतो पंजाब में मजदूरी करते हैं, लेकिन उनकी आमदनी से घर खर्च नहीं चल पाता। मजबूरी में वह भी इस अवैध धंधे में उतर आई।
पदाधिकारी ने बताया कि दोनों महिलाओं को न्यायालय में प्रस्तुत किया जा रहा है, और परिजनों को गिरफ्तारी की सूचना दे दी गई है। इस मामले में आगे की जांच जारी है।

