
पटना, 11 फरवरी (अविनाश कुमार) पूर्णिया सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव की 31 साल पुराने मामले में गिरफ्तारी ने बिहार की सियासत में भूचाल ला दिया है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के बाद अब आरजेडी नेता तेजस्वी यादव भी खुलकर उनके समर्थन में उतर आए हैं। राजनीतिक समर्थन के साथ-साथ भावनात्मक प्रतिक्रियाएं भी तेज हो गई हैं।पप्पू यादव की मां शांति प्रिया देवी ने बेटे की गिरफ्तारी पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “पप्पू यादव को रिहा करो। अगर उन्हें कुछ हुआ तो हम किसी को नहीं बख्शेंगे।”

उनके इस बयान ने सियासी हलकों में हलचल बढ़ा दी है।आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने गिरफ्तारी को राजनीतिक कार्रवाई बताते हुए सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि पप्पू यादव पटना में नीट छात्रा की संदिग्ध मौत के मामले में सरकार से लगातार सवाल कर रहे थे और कई मुद्दे उजागर कर रहे थे। “सरकार असहज हो गई थी, इसलिए उनकी आवाज दबाने के लिए पुराने मामले में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया,” तेजस्वी ने कहा। उन्होंने केंद्र और बिहार सरकार पर विपक्ष की आवाज कुचलने का आरोप लगाया।इससे पहले राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर गिरफ्तारी को “राजनीतिक प्रतिशोध” करार दिया।

उन्होंने लिखा कि नीट छात्रा की मौत और उसके बाद की कार्रवाई ने सिस्टम की सड़ांध उजागर की है। राहुल ने आरोप लगाया कि भाजपा-एनडीए मॉडल के तहत केस भटकाया जा रहा है और न्याय की मांग करने वालों को निशाना बनाया जा रहा है।उन्होंने इसे “राजनीति नहीं, इंसाफ और बिहार की बेटी की सुरक्षा का सवाल” बताया। पप्पू यादव की गिरफ्तारी अब कानून से ज्यादा सियासी लड़ाई का रूप लेती दिख रही है।

