
बक्सर, 9 मार्च (विक्रांत) डुमरांव अनुमंडल अस्पताल की नई प्रभारी उपाधीक्षक डा. प्रेमा प्रसाद को परिवार नियोजन के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया है। राजधानी पटना स्थित परिवार नियोजन कल्याण विभाग के प्रधान कार्यालय परिसर में आयोजित एक समारोह में स्वास्थ्य विभाग के क्षेत्रीय उप निदेशक ने उन्हें प्रशस्ति पत्र और प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया।इस अवसर पर डा. प्रेमा प्रसाद सम्मान प्राप्त कर भावुक और उत्साहित नजर आईं।

बताया जाता है कि डा. प्रसाद लंबे समय से डुमरांव अनुमंडल अस्पताल में अपनी सेवाएं दे रही हैं और परिवार नियोजन कार्यक्रम को सफल बनाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उनके प्रयासों से क्षेत्र में जागरूकता बढ़ी है और कई लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचा है।गौरतलब है कि महज चार दिन पूर्व ही बक्सर के सिविल सर्जन द्वारा उन्हें डुमरांव अनुमंडल अस्पताल के प्रभारी उपाधीक्षक का दायित्व सौंपा गया है। इससे पहले यह जिम्मेदारी डा. श्रुति प्रकाश के पास थी, जिन्हें विभाग द्वारा तीन वर्षीय पीजी पढ़ाई के लिए विरमित कर दिया गया है।

डा. प्रेमा प्रसाद को मिले इस सम्मान पर अस्पताल परिवार में खुशी की लहर है। अस्पताल प्रबंधक फिरोज आलम, डा. चौधरी, फार्मासिस्ट संतोष कुमार, प्रधान सहायक विकास कुमार सहित कई स्वास्थ्य कर्मियों ने उन्हें बधाई देते हुए इसे पूरे अस्पताल के लिए गौरव का क्षण बताया है।

