
समस्तीपुर, 21 दिसम्बर (मोहम्मद जमशेद) समस्तीपुर जिले के रोसड़ा स्थित शशि कृष्णा कॉलेज के परीक्षा केंद्र पर शनिवार को एक अनोखी और भावुक कर देने वाली घटना सामने आई। स्नातक परीक्षा देने पहुंची एक विवाहित छात्रा ने अचानक प्रसव पीड़ा के बीच परीक्षा केंद्र परिसर में ही एक स्वस्थ बच्चे को जन्म दिया। नवजात के रोने की आवाज गूंजते ही कुछ देर के लिए परीक्षा की गंभीरता मातृत्व की संवेदनशीलता में बदल गई।जानकारी के अनुसार बेगूसराय जिले के छौड़ाही थाना क्षेत्र के मालपुर गांव निवासी शिवम कुमार की पत्नी रविता कुमारी स्नातक की छात्रा हैं।

वह भारद्वाज कॉलेज, शकरपुरा (हसनपुर) में अध्ययनरत हैं। शनिवार को वह अर्थशास्त्र विषय की परीक्षा देने एसके कॉलेज, थतिया स्थित केंद्र पर पहुंची थीं। परीक्षा के दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और तेज प्रसव पीड़ा शुरू हो गई।स्थिति की गंभीरता को समझते हुए केंद्र पर मौजूद शिक्षकों और महिला कर्मचारियों ने मानवीय संवेदनशीलता दिखाते हुए तत्काल छात्रा को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। प्राथमिक सहायता दी गई और स्वास्थ्य विभाग को सूचना देकर एंबुलेंस बुलवाई गई। कुछ ही देर में छात्रा ने स्वस्थ बच्चे को जन्म दिया।घटना के बाद परीक्षा केंद्र परिसर में भावुक माहौल बन गया। शिक्षक, परीक्षार्थी और कर्मचारी सभी इस अप्रत्याशित पल के गवाह बने। बाद में मां और नवजात को बेहतर इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया गया। यह घटना परीक्षा व्यवस्था के बीच मानवीयता की मिसाल बन गई।

