पटना, 12 अक्तूबर (निज संवाददाता) पर्व-त्योहार के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने एक बड़ी सौगात दी है। यात्रियों की सुविधा हेतु यशवंतपुर और धनबाद के बीच एक जोड़ी पूजा स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया गया है, जो गोमो, गया, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, प्रयागराज छिवकी, इटारसी और नागपुर के रास्ते संचालित होगी।यह विशेष ट्रेन गाड़ी संख्या 06563/06564 यशवंतपुर-धनबाद-यशवंतपुर एक्सप्रेस स्पेशल के रूप में चलाई जाएगी।

गाड़ी संख्या 06563 यशवंतपुर-धनबाद स्पेशल 23 अगस्त 2025 से 27 दिसंबर 2025 तक प्रत्येक शनिवार को यशवंतपुर से प्रस्थान करेगी। वहीं, वापसी में गाड़ी संख्या 06564 धनबाद-यशवंतपुर स्पेशल 25 अगस्त 2025 से 29 दिसंबर 2025 तक हर सोमवार को चलेगी।यशवंतपुर से चलने वाली ट्रेन शनिवार सुबह 07:30 बजे रवाना होकर सोमवार को तड़के 11:00 बजे धनबाद पहुंचेगी। यह ट्रेन मार्ग में पं. दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, भभुआ रोड, सासाराम, अनुग्रह नारायण रोड, गया, कोडरमा, हजारीबाग रोड, पारसनाथ और गोमो स्टेशनों पर ठहरेगी।वहीं, धनबाद से वापसी में यह ट्रेन सोमवार रात 20:45 बजे खुलकर निर्धारित स्टेशनों पर रुकते हुए बुधवार को रात 21:30 बजे यशवंतपुर पहुंचेगी।रेलवे द्वारा दी गई इस विशेष सुविधा से पर्वों के दौरान यात्रियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

