पटना, 20 अक्तूबर (पटना डेस्क) भोजपुरी फिल्मों के पावर स्टार पवन सिंह की पत्नी ज्योति सिंह ने बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में अपना राजनीतिक कदम बढ़ा दिया है। उन्होंने सोमवार को नामांकन के अंतिम दिन काराकाट विधानसभा क्षेत्र से निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में अपना नामांकन दाखिल किया।
गौरतलब है कि कुछ महीने पहले हुए लोकसभा चुनाव में पवन सिंह ने भी इसी क्षेत्र से चुनाव लड़ा था, लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। अब उनकी पत्नी ज्योति सिंह ने उसी क्षेत्र में अपनी राजनीतिक किस्मत आजमाने का फैसला किया है।

नामांकन के दौरान बिक्रमगंज स्थित निर्वाची पदाधिकारी कार्यालय के बाहर दिनभर गहमागहमी का माहौल रहा। ज्योति सिंह के समर्थकों ने फूल-मालाओं से उनका स्वागत किया और जोरदार नारेबाजी की।
काराकाट सीट पर मुकाबला दिलचस्प होता नजर आ रहा है। यहां एनडीए से जदयू के पूर्व सांसद महाबली सिंह, महागठबंधन से माले के मौजूदा विधायक अरुण कुमार सिंह और जन सुराज से योगेन्द्र सिंह भी चुनावी मैदान में हैं। ऐसे में ज्योति सिंह की एंट्री ने मुकाबले को और भी रोमांचक बना दिया है।
नामांकन से पहले ज्योति सिंह का काफिला तेंदुनी चौक स्थित काली मंदिर से निकला, जिसमें बड़ी संख्या में उनके समर्थक शामिल हुए। नामांकन के बाद उन्होंने कहा, “काराकाट से मेरा रिश्ता लोकसभा चुनाव के समय से है, जो कभी कमजोर नहीं हुआ। जनता के प्रेम और समर्थन के चलते मैंने यह कदम उठाया है। जनता की ताकत ही मेरी सबसे बड़ी ताकत है और हम मिलकर क्षेत्र का चौमुखी विकास करेंगे।”
काराकाट सीट पर दूसरे चरण में 11 नवंबर को मतदान होगा।

