नई दिल्ली, 11 अक्तूबर ( अशोक “अश्क”) भोजपुरी सुपरस्टार पवन सिंह ने साफ कर दिया है कि वह बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में हिस्सा नहीं लेंगे। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, “मैं पवन सिंह अपने भोजपुरीया समाज से बताना चाहता हूं कि मैं बिहार विधानसभा चुनाव लड़ने के लिए पार्टी ज्वाइन नहीं किया था और ना ही मुझे चुनाव लड़ना है। मैं पार्टी का सच्चा सिपाही हूं और रहूंगा।”

पवन सिंह का यह बयान उस समय आया है जब उनकी पत्नी ज्योति सिंह ने जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर से शेखपुरा स्थित आवास पर मुलाकात की। इस मुलाकात को लेकर चर्चाएं तेज हो गई थीं कि कहीं वह भी राजनीति में कदम तो नहीं रख रहीं।
हालांकि ज्योति सिंह ने कहा, “मैं किसी चुनाव में भाग लेने नहीं आई हूं। मैं उन महिलाओं की आवाज बनना चाहती हूं, जो अन्याय झेल रही हैं।”
हाल ही में लखनऊ में पवन सिंह के घर पहुंचीं ज्योति सिंह का एक भावुक वीडियो वायरल हुआ था, जिसके बाद पवन सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सफाई दी थी। इस पूरे घटनाक्रम ने बिहार की सियासत को एक नया मोड़ दे दिया है।

