
कोलकाता/नई दिल्ली। गुरुवार को पूरे दिन देश में राजनीतिक हलचल तेज रही। इधर सुबह से बिहार में चल रही उठापटक के बीच शाम को बंगाल में भी चुनाव के पूर्व बड़ी घटनाक्रम देखने को मिला।पश्चिम बंगाल में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले बड़ा राजनीतिक घटनाक्रम सामने आया है। राज्यपाल सी.वी.आनंद बोस ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने अपना इस्तीफा राष्ट्रपति को भेज दिया है। सूत्रों के अनुसार, राज्यपाल श्री बोस फिलहाल दिल्ली में हैं। बताया जा रहा है कि वे शाम 4:55 बजे की फ्लाइट से दिल्ली पहुंचे और वहीं से उन्होंने राष्ट्रपति को अपना इस्तीफा सौंपा। हालांकि इस्तीफे के पीछे के कारणों को लेकर आधिकारिक तौर पर कोई विस्तृत बयान जारी नहीं किया गया है। गौरतलब है कि सीवी आनंद बोस को 17 नवंबर 2022 को पश्चिम बंगाल का राज्यपाल नियुक्त किया गया था। उनके कार्यकाल के दौरान राज्य सरकार और राजभवन के बीच कई मुद्दों पर टकराव भी देखने को मिला था।विधानसभा चुनाव से ठीक पहले उनके इस्तीफे को राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अब सबकी निगाहें केंद्र सरकार के अगले कदम पर टिकी हैं कि पश्चिम बंगाल का नया राज्यपाल किसे नियुक्त किया जाता है। इस घटनाक्रम के बाद राज्य की सियासत में हलचल तेज हो गई है और राजनीतिक दलों की तरफ से तीखी प्रतिक्रियाएं भी सामने आने लगी है।

