पटना, 07 नवम्बर (पटना डेस्क) पहले चरण में 121 सीटों पर मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। इस चरण की ख़ासियत यह रही कि कई बाहुबली और हाई-प्रोफ़ाइल उम्मीदवारों वाले क्षेत्रों में भी मतदाताओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। जिन सीटों पर पहले तनाव या दहशत की आशंका रहती थी, वहां इस बार लोगों ने खुलकर वोट डाले। अनंत सिंह, सूरजभान सिंह, रीतलाल यादव, हुलास पांडेय और ओसामा शहाब जैसे बाहुबली उम्मीदवारों की किस्मत अब ईवीएम में बंद हो चुकी है।

मोकामा सीट सबसे सुर्खियों में रही, जहां 62.16% मतदान दर्ज हुआ। अनंत सिंह और वीणा देवी के बीच सीधा मुकाबला रहा। प्रशासन ने कड़ी सुरक्षा के बीच शांतिपूर्ण मतदान कराया। दानापुर में 55.27% वोटिंग हुई, जहां रीतलाल यादव और रामकृपाल यादव के बीच सघन मुकाबला दिखा। ब्राह्मपुर में हुलास पांडेय के प्रभाव के बावजूद 58% मतदान दर्ज हुआ। सिवान की रघुनाथपुर सीट पर ओसामा शहाब के कारण 51.18% वोटिंग के साथ माहौल चर्चा में रहा। वहीं, लालगंज में मुन्ना शुक्ला की बेटी शिवानी शुक्ला के कारण युवाओं में उत्साह दिखा और 60.17% मतदान दर्ज हुआ।

