दरभंगा 29 अगस्त (अशोक “अश्क”) बिहार के दरभंगा जिले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी दिवंगत मां के लिए अपशब्दों का इस्तेमाल करने वाले युवक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की गई है। इस मामले में बिहार पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी रिजवी को गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि रिजवी ने कांग्रेस की ‘वोटर अधिकार यात्रा’ के तहत दरभंगा में आयोजित एक रैली के दौरान पीएम मोदी और उनकी मां को लेकर आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग किया था। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, जिसके बाद राजनीतिक हलकों में भारी बवाल मच गया।

घटना बुधवार, 27 अगस्त को दरभंगा में हुई, जब कांग्रेस और राजद के संयुक्त मंच से यह अपमानजनक भाषण दिया गया। हालांकि उस समय मंच पर राहुल गांधी या तेजस्वी यादव मौजूद नहीं थे। बावजूद इसके बीजेपी ने विपक्ष पर सीधा हमला बोला और मामले को लेकर तीखी प्रतिक्रिया दी।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर वीडियो साझा करते हुए गहरी नाराजगी जताई। उन्होंने लिखा, “बिहार के दरभंगा में माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी और उनकी स्वर्गीय माताजी के लिए कांग्रेस और आरजेडी के मंच से जिस प्रकार गालियों से भरी अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया है, वह न केवल निंदनीय है, बल्कि हमारे लोकतंत्र को भी कलंकित करने वाला है।”
इसी मुद्दे पर बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने राहुल गांधी और तेजस्वी यादव से सार्वजनिक माफी की मांग की। उन्होंने गुरुवार, 28 अगस्त को कहा, “कांग्रेस की तथाकथित ‘वोट अधिकार यात्रा’ में प्रधानमंत्री को जिस तरह अपशब्द कहे गए, वह घोर निंदनीय है। दो शहजादों ने अभद्रता की सारी हदें पार कर बिहार की संस्कृति का अपमान किया है। उन्हें इसके लिए माफी मांगनी चाहिए।”
फिलहाल आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं, विपक्ष की चुप्पी को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। चुनावी माहौल में इस घटना ने राज्य की सियासत को गरमा दिया है।

