
पूर्णिया, 05 फरवरी (राजेश कुमार झा) जिला पदाधिकारी अंशुल कुमार (भा०प्र०से०) की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित महानंदा सभागार में 14 फरवरी को प्रस्तावित जिला स्थापना दिवस के गरिमामय आयोजन को लेकर एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला प्रशासन के सभी वरीय अधिकारियों ने भाग लिया और कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने पर मंथन किया।

जिला पदाधिकारी ने कहा कि पूर्णिया बिहार के सबसे पुराने जिलों में शामिल है, जिसकी समृद्ध ऐतिहासिक पृष्ठभूमि और सांस्कृतिक पहचान रही है। स्थापना दिवस को इसी गौरव के अनुरूप भव्य और यादगार बनाया जाएगा।उन्होंने बताया कि सांस्कृतिक संध्या में स्थानीय कलाकारों के साथ राज्य स्तरीय कलाकारों की सहभागिता होगी, जहां पूर्णिया की लोक परंपराओं, कला और संस्कृति की सोंधी खुशबू देखने को मिलेगी। विभिन्न सरकारी विभागों द्वारा आकर्षक स्टॉल लगाए जाएंगे, जिनमें विकास योजनाओं, जनकल्याणकारी कार्यक्रमों और आत्मनिर्भर बिहार के रोडमैप को प्रदर्शित किया जाएगा।

व्यंजन मेला भी आयोजन का प्रमुख आकर्षण होगा।स्थापना दिवस के अवसर पर स्कूली बच्चों के लिए निबंध, पेंटिंग तथा खेलकूद प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। साथ ही ‘रन फॉर पूर्णिया’ मैराथन के आयोजन का भी प्रस्ताव रखा गया है। जिले का नाम रोशन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं, प्रगतिशील किसानों, उद्यमियों और समाजसेवियों को सम्मानित किया जाएगा।

बैठक में नगर निगम पूर्णिया को पूरे शहर में विशेष साफ-सफाई, सौंदर्यीकरण तथा प्रमुख चौराहों पर आकर्षक लाइटिंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

