समस्तीपुर (अशोक “अश्क”) जिले के ताजपुर में राजधानी रोड स्थित प्रखंड कांग्रेस कार्यालय में पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की जयंती धूमधाम से मनाई गई। इस अवसर पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राजीव गांधी के चित्र पर श्रद्धापुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रखंड कांग्रेस अध्यक्ष अब्दुल मालिक ने की। इस दौरान वक्ताओं ने भारत रत्न राजीव गांधी के योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने भारतीय राजनीति में युवा शक्ति को महत्व दिया और देश के विकास में महत्वपूर्ण कदम उठाए। वक्ताओं ने राजीव गांधी को आधुनिक भारत की नींव रखने वाला और युवा भारत की संकल्पना को साकार करने वाला नेता बताया। उनका नेतृत्व भारतीय समाज और राजनीति में बदलाव लाने के लिए सदैव प्रेरणादायक रहेगा।
कार्यक्रम में कांग्रेस के कई प्रमुख नेता और कार्यकर्ता उपस्थित थे, जिनमें मोईन रजा, दिलदार हुसैन, गिलमान अहमद, अबू हैदर, संजय राय, नरेश कुशवाहा, विनोद साह, सुरेश ठाकुर, अमित प्रसाद केसरी, विनय कुमार सिंह, संजीत साह, सैयद हुसैन, मो. ताजुद्दीन, मो. तूफैल, मो. तंजीम आदि प्रमुख रूप से शामिल थे।
कार्यकर्ताओं ने राजीव गांधी के दृष्टिकोण और उनके द्वारा किए गए विकास कार्यों की सराहना की और उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के अंत में प्रखंड अध्यक्ष अब्दुल मालिक ने सभी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे राजीव गांधी की नीतियों को अपनी दिनचर्या में अपनाएं और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में सक्रिय भूमिका निभाएं।

