गोपालगंज, 18 दिसम्बर (निज संवाददाता) जिले के प्रख्यात थावे दुर्गा मंदिर में चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है। बीती रात अज्ञात चोरों ने मंदिर के गर्भगृह को निशाना बनाते हुए माता रानी का करीब 51 लाख रुपये का मुकुट,स्वर्ण हार चांदी की छतरी सहित दान पेटी से नकद राशि भी चोरी कर ली। घटना की जानकारी गुरुवार की सुबह तब हुई जब मंदिर की साफ सफाई के लिए पुजारी गर्भगृह में पहुंचे। ताले टूटे देख मंदिर प्रशासन में हड़कंप मच गया।

तुरंत इसकी सूचना थावे थाने पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और डॉग स्क्वायड व एफएसएल टीम की मदद से जांच शुरू कर दी गई है। मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। एसपी अवधेश दीक्षित मौके पर पहुंच कर सभी एंगल पर जांच कर उद्द्भेदन के लिए एसआईटी का गठन कर दिए हैं। वही पुलिस सीसीटीवी फुटेज में मास्क लगाएं दो संदिग्ध की तस्वीर स्क्रैच कर लिया है। पुलिस आसपास के संदिग्धों से भी पूछताछ कर रही है। मंदिर प्रशासन के अनुसार चोरी गया मुकुट हार व छतरी माता को श्रद्धालुओं द्वारा अर्पित किया गया था। मुकुट की अनुमानित कीमत करीब 51 लाख रुपये बताई जा रही है। चोरी गई 251 ग्राम का मुकुट अप्रैल माह में झारखंड के एक व्यवसाई द्वारा मां को अर्पित किया गया था। घटना के बाद श्रद्धालुओं में काफी आक्रोश है। वही मंदिर परिसर में लगी सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। बता दें कि मंदिर परिसर में एक टीओपी भी स्तिथ है। जिस पर एक सब इंस्पेक्टर व चार सिपाही भी तैनात है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही चोरी की इस वारदात का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लेंगे। फिलहाल मामले में अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

