गोपालगंज, 16 दिसम्बर (निज संवाददाता) जिले में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस)के स्वयंसेवकों ने 16 दिसंबर प्रहार दिवस के अवसर पर शहर के मिंज स्टेडियम में विशेष आयोजन किया। इस कार्यक्रम में दर्जनों स्वयंसेवकों ने सहभागिता करते हुए दंड का प्रहार कर 1971 के भारत–पाकिस्तान युद्ध में शहीद वीर सैनिकों को नमन किया और उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस अवसर पर स्वयंसेवकों ने अधिक से अधिक प्रहार कर देश की विजय और शहीदों के बलिदान को स्मरण किया। विदित हो कि 16 दिसंबर 1971 को भारत को पाकिस्तान के विरुद्ध ऐतिहासिक विजय प्राप्त हुई थी, जिसे राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ प्रहार दिवस के रूप में मनाता है। इस दिन देशभर में संघ की शाखाओं पर स्वयंसेवक दंड का प्रहार करते हैं। बता दें कि 1971 के युद्ध में भारतीय सेना ने पाकिस्तान के 93,000 सैनिकों को आत्मसमर्पण के लिए मजबूर किया था। इस युद्ध में अनेक भारतीय सैनिक वीरगति को प्राप्त हुए थे। उन्हीं शहीदों की स्मृति में संघ द्वारा विजय दिवस के रूप में प्रहार कर महायज्ञ का आयोजन किया जाता है। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को संगठित,दृढ़ निश्चयी, शक्तिसंपन्न एवं पुरुषार्थी बनाना है। इस महायज्ञ में संघ के बाल,शिशु, तरुण एवं प्रौढ़ स्वयंसेवकों ने प्रहार कर अपनी आहूति दी और शहीद वीरों की शहादत को नमन किया।मौके पर जिला प्रचारक जीतेश कुमार, जिला संचालक अंजनी कुमार, विभाग प्रचार प्रमुख कुश नारायण सिंह, सह नगर कार्यवाह अतुल गोयल, सह जिला व्यवस्था प्रमुख कृष्ण कुमार चंचल, सहित सोनू दुबे, राजकरण गुप्ता, अभिषेक कुमार, राकेश कुमार, रवि एवं बड़ी संख्या में स्वयंसेवक उपस्थित रहें।

