
समस्तीपुर, 21 दिसम्बर (मोहम्मद जमशेद) समस्तीपुर के मोहिउद्दीननगर थाना क्षेत्र में फर्जी जमीन बिक्री के एक पुराने मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वर्ष 2023 के चर्चित मामले में मुख्य अभियुक्त शिव किशोर झा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।थानाध्यक्ष सचिन कुमार ने बताया कि यह मामला हरैल गांव निवासी उमेश चंद्र द्विवेदी की शिकायत पर दर्ज किया गया था। पीड़ित ने आरोप लगाया था कि महेश कुमार द्विवेदी ने साजिश के तहत उनके भाई की जमीन फर्जी दस्तावेजों के सहारे बेच दी।

बिना वैध अधिकार और सहमति के जमीन की रजिस्ट्री कराई गई थी।इस मामले में छह लोगों को नामजद अभियुक्त बनाया गया था। इनमें से पांच पहले ही न्यायालय से जमानत पर हैं, जबकि मोहनपुर गांव निवासी शिव किशोर झा लगातार फरार चल रहा था। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर उसे गिरफ्तार किया।गिरफ्तारी के बाद अभियुक्त को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले की जांच जारी है। पुलिस ने लोगों से जमीन लेनदेन में सतर्कता बरतने की अपील की है।

