समस्तीपुर, 02 दिसम्बर (मोहम्मद जमशेद) लंबे समय से ठप पड़ी रमेश्वर जूट मिल में मंगलवार को अनुमंडल पदाधिकारी दिलीप कुमार ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मिल अधिकारियों से विस्तृत बातचीत की और स्पष्ट निर्देश दिया कि मिल संचालन को हर हाल में जल्द से जल्द पुनः शुरू कराया जाए।

एसडीओ के तेवर देखकर मौजूद अधिकारियों में हलचल साफ नजर आई।निरीक्षण के क्रम में भूमि से जुड़ी लंबित समस्याओं की भी समीक्षा की गई। एसडीओ ने कहा कि जमीन संबंधी विवादों का समाधान प्राथमिकता पर किया जाएगा, ताकि मिल के चालू होने में कोई बाधा न रहे। उन्होंने भरोसा दिया कि प्रशासनिक स्तर पर सभी आवश्यक प्रक्रियाएं त्वरित गति से पूरी की जाएंगी।एसडीओ के इस हस्तक्षेप से वर्षों से बंद पड़े रमेश्वर जूट मिल के दोबारा शुरू होने की उम्मीदें एक बार फिर प्रबल हो गई हैं। स्थानीय मजदूर और व्यापारी वर्ग इसे रोजगार और आर्थिक गतिविधियों के पुनर्जीवन के रूप में देख रहे हैं।

