
बक्सर, 28 जनवरी (विक्रांत) पटना के वरिष्ठ पत्रकार मनोज कुमार को निष्पक्ष, निर्भीक और जनपक्षधर पत्रकारिता के लिए विशेष सम्मान से नवाजा गया। विधानसभा चुनाव के दौरान उत्कृष्ट रिपोर्टिंग, राजनीतिक घटनाक्रमों की गहन समझ और संस्थान में लगातार बेहतरीन कार्य निष्पादन के लिए उन्हें यह सम्मान प्रदान किया गया।

प्रभात खबर के चीफ एडिटर अंकित शुक्ला, कार्यकारी निदेशक आर. के. दत्ता एवं वाइस प्रेसिडेंट विजय बहादुर ने संयुक्त रूप से उन्हें प्रशस्ति पत्र सौंपा। सम्मान समारोह के दौरान संस्थान के कई वरिष्ठ अधिकारी, संपादकीय टीम और सहकर्मी उपस्थित रहे।मनोज कुमार मूल रूप से बक्सर जिले के डुमरांव नगर के निवासी हैं। कपिलमुनी गेट के समीप स्थित उनका पैतृक आवास आज क्षेत्र के लिए गौरव का प्रतीक बन गया है। वे डुमरांव के प्रख्यात समाजसेवी स्वर्गीय काशीनाथ प्रसाद के छोटे पुत्र हैं। छोटे शहर से निकलकर राष्ट्रीय स्तर की पत्रकारिता में पहचान बनाना उनके संघर्ष, मेहनत और प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

अपने लंबे पत्रकारिता करियर में मनोज कुमार ने दैनिक जागरण, हिंदुस्तान और प्रभात खबर जैसे प्रतिष्ठित समाचार पत्रों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाई हैं। वर्तमान में वे प्रभात खबर, पटना के स्टेट पॉलिटिकल ब्यूरो में अहम भूमिका में हैं। उनकी इस उपलब्धि पर डुमरांव सहित पूरे क्षेत्र में खुशी और गर्व की लहर है।

