
बक्सर, 04 मार्च (विक्रांत) जिले में टमाटर, प्याज और आलू उत्पादन को नई ऊंचाई देने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। सोमवार, 02 मार्च 2026 को समाहरणालय सभाकक्ष में ज़िला पदाधिकारी साहिला की अध्यक्षता में नीदरलैंड से तकनीकी भ्रमण पर आए वरीय वैज्ञानिक Tjaart Hofman (PUM Expert) के साथ उच्चस्तरीय बैठक हुई।

बैठक में बक्सर में प्रस्तावित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की तकनीकी सुलभता और क्रियान्वयन पर विस्तृत चर्चा की गई।गौरतलब है कि 24 फरवरी 2025 को नरेंद्र मोदी द्वारा की गई घोषणा के क्रम में बक्सर को टमाटर, आलू और प्याज के लिए सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित करने हेतु चयनित किया गया था। इसी के तहत नीदरलैंड के विशेषज्ञ का यह दौरा अहम माना जा रहा है।बैठक में बताया गया कि कृषि उत्कृष्टता केंद्र का मुख्य उद्देश्य आधुनिक तकनीकों का प्रदर्शन करना है।

ऑफ-सीजन सब्जी उत्पादन, पॉलीहाउस खेती और ड्रिप सिंचाई जैसी उन्नत प्रणालियों को किसानों तक पहुंचाया जाएगा। साथ ही उच्च गुणवत्ता वाले बीज और रोपण सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे उत्पादकता में उल्लेखनीय वृद्धि संभव हो सके।इस केंद्र के माध्यम से कम लागत में अधिक पैदावार सुनिश्चित कर किसानों की आय बढ़ाने पर विशेष जोर रहेगा। किसानों और ग्रामीण युवाओं को उन्नत खेती, प्रसंस्करण और कृषि-उद्यमिता का प्रशिक्षण दिया जाएगा। क्षेत्र-विशिष्ट फसलों के लिए वैज्ञानिक मॉडल विकसित किए जाएंगे तथा कटाई के बाद प्रबंधन, भंडारण और मूल्यवर्धन की सुविधाएं भी सुदृढ़ की जाएंगी।जिला प्रशासन का दावा है कि यह परियोजना बक्सर को सब्जी उत्पादन के राष्ट्रीय मानचित्र पर नई पहचान दिलाएगी।

