
बक्सर, 23 जनवरी (विक्रांत) भारतीय जनता पार्टी जिला बक्सर के जिला अध्यक्ष माननीय ओमप्रकाश भुवन के कार्यकाल का एक वर्ष पूर्ण होने पर पार्टी में उत्साह और गर्व का माहौल देखा गया। भाजपा के जिला पदाधिकारियों, वरिष्ठ नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने उनके एक वर्ष के कार्यकाल को बक्सर भाजपा के इतिहास का “एक स्वर्णिम अध्याय” बताते हुए खुले दिल से प्रशंसा की। नेताओं ने कहा कि भुवन जी ने संगठन को नई दिशा, नई ऊर्जा और मजबूत आधार प्रदान किया है।

पदाधिकारियों ने बताया कि ओमप्रकाश भुवन का राजनीतिक सफर वर्ष 1987 में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के संपर्क में आने के साथ प्रारंभ हुआ। विद्यार्थी परिषद में विभिन्न दायित्वों का कुशलतापूर्वक निर्वहन करते हुए उन्होंने संगठनात्मक क्षमता का परिचय दिया। वर्ष 1997 में वे भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश महामंत्री बने और तत्पश्चात पंचायती राज के प्रदेश संयोजक के रूप में भी संगठन हित में उल्लेखनीय कार्य किया। उनके निरंतर संघर्ष, अनुशासित कार्यशैली और समर्पण को देखते हुए पार्टी ने एक वर्ष पूर्व उन्हें बक्सर जिला अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी।

जिलाध्यक्ष बनने के बाद उनके अथक प्रयासों का परिणाम बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में देखने को मिला, जहां बक्सर से भाजपा के आनंद मिश्रा, राजपुर से जदयू विधायक संतोष निराला तथा डुमरांव से जदयू विधायक राहुल सिंह को प्रचंड विजय दिलाकर सदन भेजा गया।एक वर्ष पूर्ण होने पर भुवन जी ने कार्यकर्ताओं से भावुक अपील करते हुए कहा कि यदि संगठनात्मक कार्यों के दौरान किसी को उनसे क्षणिक आक्रोश के कारण ठेस पहुंची हो तो उसे क्षणिक मानकर क्षमा करें। उन्होंने कहा कि संगठन, पार्टी और समाज के लिए हम सब एक हैं। इस अवसर पर पूर्व जिलाध्यक्ष रामकुमार सिंह, राजवंश सिंह, केदारनाथ तिवारी, प्रियव्रत सिंह, सचिता भगत, अनिल पांडेय, चुन्नु सिंह, रमेश गुप्ता, शीला त्रिवेदी, मीना सिंह, निर्भय राय, विनोद राय, लक्ष्मण शर्मा, धनंजय त्रिगुण, ओमज्योति भगत, संध्या पाण्डेय, सुधा गुप्ता, रेखा शर्मा, मनोज पांडेय, प्रमोद मिश्रा, सुनील सिंह, जयप्रकाश राय, कंचन देवी, अविनाश पांडेय, उमाशंकर राय सहित सभी मंडल अध्यक्षों ने हर्ष व्यक्त किया।

