
बक्सर, 25 फरवरी (विक्रांत) भाकपा-माले के जिला सचिव एवं केंद्रीय कमेटी सदस्य नवीन कुमार ने जिले में लगातार बढ़ती आपराधिक घटनाओं—हत्या, हत्या की कोशिश, बलात्कार, डकैती—पर गहरा आक्रोश जताते हुए नीतीश-भाजपा सरकार की तीखी आलोचना की। उन्होंने कहा कि दबंगों, अपराधियों और सामंती मानसिकता वाले लोगों का मन इस सरकार में बढ़ा हुआ है।

नवीन ने चौसा में जयमाल स्टेज पर दुल्हन को गोली मारने की घटना का जिक्र करते हुए कहा कि यह महाजंगलराज की सबसे बड़ी मिसाल है। उन्होंने बताया कि चाहे नीट छात्रा का बलात्कार-हत्या का मामला हो, चक्की में युवती का संदिग्ध शव मिले, या किरनी में नाबालिग के साथ बलात्कार की घटनाएँ हों, सभी यह दिखाती हैं कि कानून व्यवस्था चरमरा गई है।उन्होंने आरोप लगाया कि नीतीश-भाजपा सरकार की प्राथमिकता अब आम जनता के हित की बजाय आदानी-अंबानी जैसे कारपोरेट के लिए किसानों की जमीन छीनना और गरीबों को बुलडोजर से उजाड़ना बन गई है।

सरकार अपने प्रशासनिक संसाधनों को कारपोरेट के लिए खर्च कर रही है, लेकिन शादी कर रही युवती तक को सुरक्षा देने में असफल रही।भाकपा-माले की जिला कमेटी की तरफ से नवीन कुमार ने मांग की है कि अपराधी को तुरंत गिरफ्तार किया जाए, घायल युवती को सर्वोच्च स्तर का इलाज मुहैया कराया जाए और बक्सर जिले में लगातार बढ़ती आपराधिक घटनाओं पर प्रशासन तुरंत नियंत्रण करे।

