
बक्सर, 26 फरवरी (विक्रांत) कृषि प्रौद्योगिकी प्रबंध अभिकरण (आत्मा), बक्सर द्वारा बाजार समिति परिसर में दो दिवसीय किसान मेला का भव्य शुभारंभ किया गया। मेले का उद्घाटन जिला परिषद अध्यक्षा श्रीमती सरोज देवी, अपर समाहर्ता अरुण कुमार सिंह, वीर कुॅंवर सिंह कृषि महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. पारसनाथ तथा जिला कृषि पदाधिकारी धर्मेन्द्र कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।

अपर समाहर्ता ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि आत्मा द्वारा आयोजित यह मेला उन्नत खेती की तकनीकों, सरकारी योजनाओं और आधुनिक कृषि यंत्रों की जानकारी पाने का सशक्त मंच है। उन्होंने कहा कि यहां विशेषज्ञों से सीधा संवाद कर किसान अपनी उत्पादकता बढ़ाने की दिशा में ठोस कदम उठा सकते हैं। फार्मर रजिस्ट्री में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पदाधिकारियों एवं कर्मियों की सराहना भी की गई।जिला कृषि पदाधिकारी ने कहा कि जिले के प्रगतिशील किसान नवाचार के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य कर रहे हैं।

यह मेला ऐसे किसानों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का सुनहरा अवसर प्रदान करता है।मेले में फल-फूल-सब्जी प्रदर्शनी सह प्रतियोगिता का आयोजन आकर्षण का केंद्र रहा। सब्जी, मशरूम, फल, अनाज और फूल श्रेणी में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले किसानों को दूसरे दिन पुरस्कृत किया जाएगा।25 से अधिक स्टॉलों के माध्यम से कृषि, उद्यान, मत्स्य, वन, मिट्टी जांच, कृषि यांत्रिकरण एवं एफपीओ से जुड़ी जानकारियां दी गईं। जैविक खेती, मल्चिंग और पराली प्रबंधन के लाइव मॉडल किसानों के लिए खास आकर्षण बने। मेला 27 फरवरी को भी जारी रहेगा।

