
बक्सर, 27 जनवरी (विक्रांत) 26 जनवरी 2026 को गणतंत्र दिवस के अवसर पर बक्सर जिले के मुख्य समारोह स्थल किला मैदान में देशभक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। जिला प्रभारी मंत्री श्रीमती रमा निषाद ने झंडोत्तोलन कर समारोह का शुभारंभ किया। इस अवसर पर जिला पदाधिकारी श्रीमती साहिला और पुलिस अधीक्षक श्री शुभम आर्य ने प्रभारी मंत्री के साथ संयुक्त रूप से परेड का निरीक्षण किया।

परेड में जिला बल पुरुष व महिला प्लाटून, जिला प्रशिक्षण सिपाही, गृह रक्षा वाहिनी, बिहार अग्निशमन सेवा, एनसीसी तथा स्काउट गाइड हिन्दुस्तान के जवानों ने अनुशासित कदमताल से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। प्रभारी मंत्री ने अपने संबोधन में राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं, विकास कार्यों और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए कहा कि बिहार प्रगति के पथ पर तेजी से आगे बढ़ रहा है।

गणतंत्र दिवस के मौके पर विभिन्न विभागों द्वारा प्रस्तुत भव्य झांकियां समारोह का मुख्य आकर्षण रहीं। नशा मुक्त बिहार, आंगनबाड़ी से स्वस्थ बच्चा, आयुष्मान भारत, जीविका, उद्योग, शिक्षा, कृषि, मनरेगा, जल-जीवन-हरियाली, पंचायत सरकार भवन समेत कई योजनाओं को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया गया। उत्कृष्ट झांकी के लिए प्रथम पुरस्कार शिक्षा विभाग, द्वितीय पुरस्कार केंद्रीय कारा और तृतीय पुरस्कार जीविका को प्रदान किया गया।

समारोह के दौरान शिक्षा, राजस्व, परिवहन, निर्वाचन, स्वास्थ्य, खेल और नगर परिषद से जुड़े उत्कृष्ट कार्य करने वाले छात्र-छात्राओं, कर्मचारियों और समाजसेवियों को सम्मानित किया गया।
सड़क दुर्घटना में घायलों की जान बचाने वाले, खेलों में अंतरराष्ट्रीय और राज्यस्तरीय उपलब्धि हासिल करने वाले खिलाड़ियों को भी प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।समारोह में बड़ी संख्या में आम नागरिक, अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। पूरे आयोजन में देशभक्ति, अनुशासन और विकास का संदेश स्पष्ट रूप से झलकता रहा।

