बक्सर, 28 नवम्बर (विक्रांत) कृषि वर्ष 2025-26 के खरीफ धान कटनी प्रयोग ने बुधवार को बक्सर प्रशासन को चौंका दिया, जब जिला पदाधिकारी डॉ. विद्यानंद सिंह ने इटाढ़ी प्रखंड के हकीमपुर पंचायत स्थित मंगोलपुर गांव में किसान शिव प्रकाश चौधरी के खेत में निरीक्षण किया। 10×5 मीटर क्षेत्र में किए गए इस वैज्ञानिक कटनी प्रयोग में 23.870 किलोग्राम धान की उपज दर्ज हुई, जो औसतन 47.74 क्विंटल प्रति हेक्टेयर की प्रभावशाली पैदावार दर्शाती है।

अधिकारियों के अनुसार, यह प्रयोग किसानों को सटीक उपज अनुमान देने और सरकारी योजनाओं में पारदर्शिता बढ़ाने के उद्देश्य से किया गया है। निरीक्षण के दौरान संयुक्त निदेशक अर्थ एवं सांख्यिकी निदेशालय बिहार, जिला एवं प्रखंड स्तरीय अधिकारी, कृषि पदाधिकारी, किसान सलाहकार तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।यह परिणाम जिले में उन्नत कृषि तकनीक और किसानों की मेहनत का नया मानक साबित हो रहा है।

