
बक्सर, 27 दिसम्बर (विक्रांत) अनुमंडल पदाधिकारी डुमरांव श्री राकेश कुमार की अध्यक्षता में अंचलाधिकारियों (CO), बाल विकास परियोजना पदाधिकारियों (CDPO), मनरेगा कार्यक्रम पदाधिकारियों (PO–MGNREGA) और कर्मचारी अमीन (KC) के साथ महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में आंगनबाड़ी केंद्रों और स्वास्थ्य उपकेंद्रों के लिए आवश्यक भूमि की उपलब्धता और इससे जुड़े मामलों के शीघ्र निष्पादन पर विशेष ध्यान दिया गया।

बैठक में अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि चिन्हित भूमि पर अतिक्रमण को चरणबद्ध तरीके से हटाया जाए और प्रत्येक मौजा में अतिक्रमण से संबंधित मामलों की स्थिति की गहन समीक्षा कर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।साथ ही मुख्यमंत्री डैशबोर्ड, CPGRAMS, CWJC और MJC से जुड़े लंबित मामलों की समीक्षा भी की गई।

सभी पदाधिकारियों को आदेशित किया गया कि जनहित से जुड़े इन मामलों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निष्पादन करें।अनुमंडल पदाधिकारी राकेश कुमार ने स्पष्ट किया कि आंगनबाड़ी केंद्रों और स्वास्थ्य उपकेंद्रों की स्थापना में भूमि की उपलब्धता अत्यंत महत्वपूर्ण है, जिससे क्षेत्र की माताओं, बच्चों और आम नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण सेवाएं प्रदान की जा सकें। उन्होंने सभी अधिकारियों को कार्रवाई में तेजी लाने और नियमित रिपोर्टिंग सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

