
गोपालगंज, 29 दिसम्बर (निज संवाददाता) शहर के जंगलिया काली स्थान रोड मोहल्ले में सोमवार की देर शाम बम ब्लास्ट की अफवाह से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम सतर्क हो गई और मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू की। उधर घरों में ठंड से दुबके लोग बाहर निकल गए।
जिससे मौके पर अफरा तफरी मच गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी। छानबीन में पता चला कि किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा सासामूसा फ्लैट के समीप पटाखा फोड़ा गया है। जिसकी सूचना किसी ने डायल112 को दी। सूचना के बाद पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और आसपास के लोगों से पूछताछ की।

जांच के दौरान यह सामने आया कि वहां किसी ने तेज आवाज वाला पटाखा बम फोड़ा था,जिसकी आवाज बम जैसी प्रतीत हुई। पुलिस ने स्पष्ट किया कि यह कोई वास्तविक बम विस्फोट नहीं था,बल्कि पटाखा बम फोड़ा गया था।

हालांकि,तेज आवाज और दहशत फैलाने को लेकर पुलिस ने इसे गंभीरता से लिया है। पुलिस अब पटाखा बम फोड़ने वाले युवक की पहचान कर उसके खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की तैयारी में जुटी है। जांच के बाद पुलिस टीम मौके से वापस लौट गई, वहीं घटना के बाद कुछ देर तक इलाके में अफरातफरी का माहौल बना रहा।

