
पटना, 05 जनवरी (पटना डेस्क) पहाड़ों पर हो रही जबरदस्त बर्फबारी का असर अब बिहार में साफ दिखने लगा है। राज्यभर में 12 से 15 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही ठंडी पछुआ हवा ने कड़ाके की ठंड बढ़ा दी है। ऊपर से घना कोहरा छाए रहने के कारण जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है। हालात ऐसे हैं कि लोगों का घर से निकलना भी मुश्किल हो गया है। खासकर गरीब और बुजुर्ग तबके के लिए यह ठंड किसी बड़ी आफत से कम नहीं है।

बुजुर्गों का कहना है कि उन्होंने अब तक ऐसी ठंड नहीं देखी।मौसम विज्ञान केंद्र ने सोमवार को बिहार के 28 जिलों में कोल्ड डे और घने कोहरे को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जबकि 10 जिलों में यलो अलर्ट घोषित किया गया है। विभाग के अनुसार न्यूनतम तापमान में अभी और गिरावट दर्ज की जाएगी, जिससे अगले दो-तीन दिनों तक ठंड से राहत मिलने की संभावना नहीं है।कोहरे का असर यातायात पर भी दिखा। रविवार को पटना से एक जोड़ी फ्लाइट रद्द रही और 14 उड़ानें देरी से चलीं। 16 ट्रेनें भी लेट रहीं।

पटना, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, सहरसा और गया में कोल्ड डे की स्थिति बनी रही। पटना में अधिकतम तापमान 14.5 और न्यूनतम 10.8 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि समस्तीपुर में पारा 5 डिग्री से नीचे चला गया। पूरे राज्य में मौसम का कहर जारी है।

