समस्तीपुर, 24 सितंबर (राजेश झा) बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए आर्थिक अपराध इकाई (EOU)ने बिजली विभाग के अधीक्षण अभियंता विवेकानंद के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति मामले में छापेमारी की है। यह छापे पटना, सिवान और समस्तीपुर स्थित उनके आवासों और अन्य ठिकानों पर एक साथ मारे गए।

EOU की जांच में सामने आया कि विवेकानंद ने 2.74 करोड़ रुपये की अवैध संपत्ति अर्जित की है, जो उनकी वैध आय से करीब 78% अधिक है। प्रारंभिक आंकड़ों के अनुसार, उनकी ज्ञात वैध आय 2,74,00,000 रुपये है, जबकि उनके पास कुल 4,87,30,343 रुपये मूल्य की संपत्ति पाई गई।

सूत्रों के मुताबिक, विवेकानंद पर अपने पद का दुरुपयोग कर अघोषित परिसंपत्तियां अर्जित करने का गंभीर आरोप है। आर्थिक अपराध थाना ने अब उनके खिलाफ आपराधिक कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी है। यह कार्रवाई भ्रष्टाचार के खिलाफ बिहार सरकार की चल रही मुहिम की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।

