नालंदा, 25 नवम्बर (अविनाश पांडेय) बिहार शरीफ स्मार्ट सिटी लिमिटेड के प्रबंध निदेशक दीपक कुमार मिश्रा ने सोमवार की देर रात मछली मंडी चौराहे पर चल रहे सीवरेज कार्यों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित संवेदक को निर्देश दिया कि निर्धारित समय सीमा के भीतर मछली मंडी के आसपास के सभी कार्य पूरे किए जाएँ, ताकि यातायात सुचारू रूप से संचालित हो सके।इसके अतिरिक्त प्रबंध निदेशक ने नई सराय से कल्याणपुर मोड़ तक सड़क का बारीकी से निरीक्षण किया।

उन्होंने कहा कि 100 मीटर बचे हुए सीवरेज नेटवर्क और सड़क कार्य को आगामी 20 कार्य दिवस के भीतर पूरा किया जाना चाहिए।दीपक कुमार मिश्रा ने शहर में चल रही स्मार्ट सिटी परियोजना के सभी कार्यों की गुणवत्ता और समयबद्धता पर विशेष जोर दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि जहां कार्य चल रहे हैं, वहां यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाए रखना आवश्यक है।गौरतलब है कि ये दोनों कार्य बिहार शरीफ नगर निगम क्षेत्र के अंतर्गत स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत अंतिम रूप दिए जा रहे हैं। प्रबंध निदेशक लगातार अपनी टीमों के साथ विभिन्न स्थानों का निरीक्षण कर रहे हैं और समय-सीमा के भीतर कार्य पूर्ण करने के लिए निर्देश जारी कर रहे हैं।

