पटना, 24 अक्टूबर (पटना डेस्क) बिहारशरीफ के श्रम कल्याण मैदान में आगामी 25 अक्टूबर 2025 को एक भव्य जनसभा का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें देश के गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। यह जनसभा दोपहर 1 बजे से शुरू होगी, जहां अमित शाह बिहारशरीफ की जनता को संबोधित करेंगे। इस कार्यक्रम की जानकारी बिहार सरकार के पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री तथा बीजेपी उम्मीदवार डॉ. सुनील कुमार ने दी।

डॉ. सुनील कुमार ने क्षेत्र की जनता से बड़ी संख्या में उपस्थित होकर जनसभा को सफल बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह जनसभा बिहार के विकास, सुशासन और स्थायी परिवर्तन के संकल्प को नई मजबूती देगी। उन्होंने कहा कि अमित शाह का संबोधन कार्यकर्ताओं और जनता में नया जोश और उत्साह भर देगा।
मंत्री डॉ. सुनील कुमार ने बताया कि यह सभा बिहार में भारतीय जनता पार्टी की नीतियों और दृष्टिकोण को जन-जन तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम बनेगी। उन्होंने सभी नागरिकों, कार्यकर्ताओं और समर्थकों से आग्रह किया कि वे समय पर पहुंचकर इस ऐतिहासिक अवसर के साक्षी बनें।
उन्होंने विश्वास जताया कि बिहार में एक बार फिर से एनडीए की सरकार बनना तय है और यह जनसभा उसी दिशा में एक बड़ा कदम साबित होगी। डॉ. सुनील कुमार ने कहा कि 25 अक्टूबर को होने वाली अमित शाह की यह जनसभा न केवल कार्यकर्ताओं में उत्साह का संचार करेगी, बल्कि बिहार के विकास और सुशासन की दिशा में एनडीए के संकल्प को भी और अधिक मजबूती प्रदान करेगी।

