
पटना, 13 जनवरी (पटना डेस्क) नालंदा पुलिस ने बिहारशरीफ शहर के चर्चित सब्जी व्यवसायी लूट कांड का पर्दाफाश कर दिया। पुलिस अधीक्षक भारत सोनी के निर्देशन में चल रही जांच में अब तक एक अपराधी को गिरफ्तार किया गया है।अपर पुलिस अधीक्षक नुरुल हक ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि 4 जनवरी 2026 की सुबह करीब 4 बजे लहेरी थाना क्षेत्र में एक सब्जी व्यवसायी को बड़ी पहाड़ी कोल्ड स्टोरेज के पास 6-7 अपराधियों ने स्कॉर्पियो में जबरन बैठा लिया।

उनसे लगभग 2.20 लाख रुपए कैश, सोने का चैन, मोबाइल और अन्य सामान लूट लिया गया। व्यवसायी को देवधा ओवर ब्रिज के पास छोड़ दिया गया।जांच में नालंदा जिले के कटहरी गांव निवासी गौतम कुमार उर्फ विक्की पासवान को गिरफ्तार किया गया। स्कॉर्पियो भी बरामद कर लिया गया है। पूछताछ में खुलासा हुआ कि इस वारदात में सात अन्य अपराधियों की भी भूमिका है, जो नालंदा के दीपनगर, नूरसराय, हरनौत, सिलाव और लहेरी थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं।

गिरफ्तार अपराधी गौतम का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। दीपनगर थाना क्षेत्र के वाल्मीकि पासवान ने योजना बनाने में मुख्य भूमिका निभाई। शेष अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए सघन छापेमारी अभियान जारी है।

