
पटना, 22 जनवरी (पटना डेस्क) बिहार कृषि विश्वविद्यालय (बीएयू) के इस्लामपुर स्थित औषधीय, सुगंधित पौधा एवं पान आधारित अनुसंधान केंद्र ने एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी उत्कृष्टता का परचम लहराया है। केंद्र को “उत्कृष्ट केंद्र पुरस्कार” से सम्मानित किया गया है, वहीं अनुसंधान के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए विज्ञानी एवं एआरआई के प्रभारी निदेशक डॉ. शिवनाथ दास को “सर्वश्रेष्ठ एआईसीआरपी वैज्ञानिक पुरस्कार” प्रदान किया गया।

यह सम्मान औषधीय एवं सुगंधित पौधों तथा पान पर आधारित अखिल भारतीय समन्वित अनुसंधान परियोजना की 33वीं वार्षिक समूह बैठक के दौरान दिया गया। तीन दिवसीय बैठक का आयोजन 20 से 22 जनवरी 2026 तक केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, पासीघाट (अरुणाचल प्रदेश) स्थित कृषि महाविद्यालय में हुआ। गौरतलब है कि यह अनुसंधान केंद्र पूर्व में भी वर्ष 2017-18 और 2020-21 में सर्वश्रेष्ठ केंद्र पुरस्कार प्राप्त कर चुका है। बीएयू सबौर के कुलपति डॉ. डी. आर. सिंह ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान न केवल विश्वविद्यालय के लिए गौरव की बात है, बल्कि मगही पान को राष्ट्रीय पहचान दिलाने और किसानों को जीआई टैग के माध्यम से आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में भी मील का पत्थर है।

इधर, इस्लामपुर अनुसंधान केंद्र के प्रभारी निदेशक डॉ. शिवनाथ दास को राष्ट्रीय स्तर पर सर्वश्रेष्ठ वैज्ञानिक का खिताब मिलने पर बीएयू के वैज्ञानिकों और कर्मचारियों में खुशी की लहर दौड़ गई। सभी ने इसे बिहार की कृषि अनुसंधान क्षमता का प्रमाण बताया।

