पटना (अशोक “अश्क”) बिहार की राजनीति में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है। इस बार वजह हैं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार, जिन्हें लेकर राजधानी पटना में जेडीयू दफ्तर के बाहर एक बड़ा पोस्टर लगाया गया है। इस पोस्टर में निशांत कुमार को सीधे तौर पर नीतीश कुमार के राजनीतिक वारिस और बिहार के भविष्य के रूप में प्रस्तुत किया गया है।
“ईमानदारी और जनसेवा की नई पीढ़ी। जनसेवा की विरासत अब आगे बढ़ेगी। विकास पुरुष का बेटा, बिहार का भविष्य- निशांत कुमार। जननायक कर्पूरी ठाकुर की विचारधारा और नीतीश कुमार जी की कार्यशैली के वारिस- निशांत कुमार।”
इस पोस्टर के लगने के साथ ही बिहार की सियासत में चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया है। राजनीतिक गलियारों में यह सवाल उठने लगा है कि क्या जेडीयू अब अगली पीढ़ी के नेतृत्व की ओर बढ़ रही है? क्या पार्टी निशांत कुमार को धीरे-धीरे राजनीतिक मंच पर लाने की तैयारी कर रही है?

गौरतलब है कि अब तक निशांत कुमार राजनीतिक रूप से सक्रिय नहीं रहे हैं। वे अपने निजी जीवन में लो-प्रोफाइल रहे हैं और सार्वजनिक मंचों से भी दूरी बनाए रखी है। ऐसे में इस तरह का पोस्टर लगना सिर्फ समर्थकों की व्यक्तिगत पहल है या किसी संगठित योजना का हिस्सा है, यह स्पष्ट नहीं है।
जेडीयू कार्यालय के पास इस तरह का पोस्टर पहली बार लगा है, जिसमें निशांत को सीधे तौर पर “बिहार का भविष्य” बताया गया है। इससे यह संकेत मिल रहा है कि जेडीयू के कुछ कार्यकर्ता या समर्थक अब उन्हें नीतीश कुमार के उत्तराधिकारी के रूप में देखना शुरू कर चुके हैं।
हालांकि, अब तक पार्टी की ओर से इस पोस्टर को लेकर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी गई है। यह भी संभव है कि यह पोस्टर कुछ उत्साही समर्थकों द्वारा शक्ति प्रदर्शन के तौर पर लगाया गया हो, न कि पार्टी की रणनीति के तहत।
फिलहाल इस पोस्टर ने बिहार की राजनीति में नई चर्चाओं को जन्म दे दिया है। अब देखना होगा कि जेडीयू नेतृत्व इस संकेत को किस रूप में लेता है और निशांत कुमार की भूमिका को लेकर आगे क्या रुख अपनाता है।

