
पटना, 15 मार्च (अविनाश कुमार) त्योहारी सीजन में घर लौटने वाले बिहार के प्रवासी लोगों के लिए राज्य सरकार की विशेष अंतरराज्यीय बस सेवा बड़ी राहत बनकर उभरी है। बिहार राज्य पथ परिवहन निगम (बीएसआरटीसी) की आधुनिक एसी बसों ने महज 18 दिनों में शानदार सफलता दर्ज की है। 23 फरवरी से शुरू हुई इस सेवा के तहत अब तक 43 हजार से अधिक यात्रियों ने इन बसों से सफर कर अपने गांव-घर का रुख किया है।

परिवहन निगम के अनुसार इन बसों में लगातार 93 प्रतिशत सीटें भरी हुई चल रही हैं। रेलवे की लंबी वेटिंग लिस्ट और टिकट की किल्लत से परेशान यात्रियों के लिए यह सेवा किसी वरदान से कम नहीं साबित हो रही है।सबसे ज्यादा भीड़ मुजफ्फरपुर से दिल्ली जाने वाले रूट पर देखी जा रही है। निगम के आंकड़ों के मुताबिक इस रूट पर अकेले 17,478 यात्रियों ने यात्रा की है। इसके अलावा दरभंगा से गुरुग्राम और गया से दिल्ली जाने वाली बसों में भी यात्रियों की भारी भीड़ उमड़ रही है। वहीं पूर्णिया से अंबाला और पटना से दिल्ली जैसे लंबे रूटों पर भी हजारों लोग आरामदायक सफर कर रहे हैं।

निगम ने यात्रियों की सुविधा के लिए ऑनलाइन बुकिंग की व्यवस्था भी शुरू की है। यात्री घर बैठे वेबसाइट के माध्यम से सीट बुक कर सकते हैं और यूपीआई, डेबिट या क्रेडिट कार्ड तथा नेट बैंकिंग से भुगतान कर सकते हैं।होली और ईद के मद्देनजर शुरू की गई यह विशेष बस सेवा 23 मार्च 2026 तक जारी रहेगी। परिवहन विभाग ने यात्रियों से समय रहते टिकट बुक कराने की अपील की है।

