
बक्सर, 20 दिसंबर (विक्रांत) बिहार के लिए गर्व का क्षण सामने आया है। बिहार कृषि विश्वविद्यालय (बीएयू), सबौर को ‘प्राइड ऑफ नेशन अवार्ड 2025’ से सम्मानित किया गया है। विश्वविद्यालय को यह प्रतिष्ठित सम्मान “बिहार राज्य का सर्वश्रेष्ठ विश्वविद्यालय: राष्ट्रवाद, देशभक्ति एवं राष्ट्र-निर्माण में उत्कृष्टता” की श्रेणी में प्रदान किया गया। यह गरिमामय समारोह 16 दिसंबर को नई दिल्ली स्थित एनडीएमसी कन्वेंशन सेंटर में आयोजित हुआ, जहां वेटरन्स इंडिया द्वारा राष्ट्रीय प्रत्यायन बोर्ड (एनबीए) के सहयोग से यह पुरस्कार प्रदान किया गया।

प्राइड ऑफ नेशन अवार्ड्स का उद्देश्य उन शैक्षणिक संस्थानों को सम्मानित करना है, जो शिक्षा के साथ-साथ राष्ट्रीय गौरव, सामाजिक उत्तरदायित्व और परिवर्तनकारी नेतृत्व को बढ़ावा देते हैं। यह पहल राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020, सतत विकास लक्ष्यों और विकसित भारत@2047 की परिकल्पना से जुड़ी हुई है, जो विश्वविद्यालयों को राष्ट्र-निर्माण का सशक्त माध्यम बनाती है।बीएयू, सबौर का चयन राष्ट्रवाद, देशभक्ति, युवा सशक्तिकरण, सामुदायिक सेवा और मूल्य-आधारित शिक्षा को बढ़ावा देने वाली इसकी प्रभावशाली पहलों के लिए किया गया।

विश्वविद्यालय ने शैक्षणिक, शोध और प्रसार कार्यक्रमों में राष्ट्रीय मूल्यों को मजबूती से जोड़ा है। छात्रों को किसान-केंद्रित विकास, ग्रामीण उत्थान और नेतृत्व गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया जा रहा है।इस अवसर पर कुलपति डॉ. डी. आर. सिंह ने सम्मान को विश्वविद्यालय परिवार की सामूहिक उपलब्धि बताते हुए कहा कि बीएयू, सबौर कृषि, शिक्षा और ग्रामीण विकास के माध्यम से राष्ट्र-निर्माण में अपनी भूमिका निरंतर निभाता रहेगा।

