पटना 29 अगस्त (अशोक “अश्क”) चुनावी साल में बिहार को रेलवे की ओर से बड़ी सौगात मिलने वाली है। राज्य को जल्द ही दो नई वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों की सुविधा मिलने जा रही है। इनमें से एक ट्रेन पवित्र अयोध्या धाम तक चलेगी, जबकि दूसरी पूर्णिया से पटना के दानापुर तक का सफर तय करेगी। दोनों ट्रेनों का संचालन पटना से किया जाएगा और ये मुजफ्फरपुर होकर गुजरेंगी।

जानकारी के अनुसार, पटना-अयोध्या वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन को जल्द शुरू किए जाने की योजना है। यह ट्रेन पटना से रवाना होकर पाटलिपुत्र, हाजीपुर, मुजफ्फरपुर, बापूधाम मोतिहारी, सुगौली, बेतिया, नरकटियागंज, बगहा, सिसवा बाजार, गोरखपुर, बस्ती और अयोध्या धाम होते हुए अयोध्या कैंट तक पहुंचेगी। कुल 565 किलोमीटर की यह दूरी यह ट्रेन लगभग 7 घंटे 45 मिनट में तय करेगी।
वहीं दूसरी वंदे भारत एक्सप्रेस का संचालन पूर्णिया से दानापुर के बीच होगा। यह ट्रेन पूर्णिया से चलकर मधेपुरा, सहरसा, खगड़िया, हसनपुर रोड, समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर, हाजीपुर और पाटलिपुत्र होते हुए दानापुर पहुंचेगी। इस ट्रेन की घोषणा हाल ही में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने दिल्ली में की थी।
फिलहाल दोनों ट्रेनों की आधिकारिक समय सारिणी जारी नहीं की गई है, लेकिन उम्मीद है कि आगामी विधानसभा चुनाव से पहले इन्हें हरी झंडी दिखाई जा सकती है। चुनावी साल में इन ट्रेनों को शुरू कर केंद्र सरकार प्रदेश में अपनी पकड़ और मजबूत करना चाहती है।
बता दें कि उत्तर पूर्व रेलवे पहले से ही गोरखपुर से पाटलिपुत्र के बीच एक वंदे भारत एक्सप्रेस का संचालन कर रहा है। शुरुआत में यात्रियों की संख्या कम रही थी, लेकिन अब इसमें लगातार इजाफा हो रहा है।
नई वंदे भारत ट्रेनों से न सिर्फ उत्तर बिहार की कनेक्टिविटी मजबूत होगी, बल्कि धार्मिक, आर्थिक और सामाजिक यात्रा भी अधिक सुविधाजनक हो सकेगी।

