पटना, 13 अक्तूबर (निज संवाददाता) बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर महागठबंधन में सीट बंटवारे को लेकर खींचतान शुरू हो गई है।विकासशील इंसान पार्टी (VIP) के प्रमुख मुकेश सहनी को आरजेडी की ओर से 18 सीटों पर लड़ने का ऑफर दिया गया है, लेकिन सूत्रों के अनुसार वह इससे नाराज हैं।

इस ऑफर में 5 सीटों पर आरजेडी का सिंबल, 5 पर कांग्रेस का सिंबल, और बाकी 8 सीटें वीआईपी के खाते में जाने की बात कही गई है। लेकिन मुकेश सहनी की मांग 40 सीटों पर लड़ने की थी। इसे लेकर उन्होंने नाराजगी जताई है और अब वे पटना रवाना हो गए हैं, जहां वे आरजेडी नेतृत्व से बात कर सकते हैं।
महागठबंधन में आरजेडी, कांग्रेस और वाम दलों के बीच सीट बंटवारे को लेकर पहले ही तनाव बना हुआ है। ऐसे में मुकेश सहनी की नाराजगी से गठबंधन के चुनावी समीकरणों पर असर पड़ सकता है।
जानकारों का मानना है कि अगर सहनी की मांगें नहीं मानी गईं, तो वे कोई अलग राह भी चुन सकते हैं, जिससे महागठबंधन को नुकसान हो सकता है।

