पटना, 13 अक्तूबर (पटना डेस्क) बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 की तैयारियों के तहत सोमवार को जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिला पदाधिकारी रोशन कुशवाहा ने संत कबीर महाविद्यालय परिसर व होली मिशन प्रशिक्षण केंद्र में चल रहे मतदान दलों के प्रशिक्षण कार्यक्रम का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान डीएम ने प्रशिक्षण व्यवस्था, प्रतिभागियों की उपस्थिति, सामग्री, प्रेजेंटेशन और प्रशिक्षण मॉड्यूल के अनुपालन की बारीकी से समीक्षा की।
उन्होंने कहा, “स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए मतदान कर्मियों का प्रभावी प्रशिक्षण अत्यंत जरूरी है।”

डीएम ने मास्टर ट्रेनरों को निर्देश दिया कि प्रशिक्षण को अधिक व्यवहारिक बनाएं और प्रत्येक कर्मी को ईवीएम व वीवीपैट संचालन का प्रत्यक्ष अभ्यास कराएं।
उन्होंने मतदान कर्मियों से प्रशिक्षण के दौरान आ रही कठिनाइयों की जानकारी भी ली और कई बिंदुओं पर मौके पर ही समाधान के निर्देश दिए।
इस मौके पर नोडल पदाधिकारी विजय कुमार, उप निर्वाचन पदाधिकारी विनोद कुमार, मास्टर ट्रेनर एवं अन्य अधिकारी उपस्थित थे। डीएम ने कर्मियों से अपील की कि वे चुनाव कार्य को लोकतंत्र के “महायज्ञ” के रूप में लें और निष्ठा से अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें।

