पटना, 13 अक्तूबर (पटना डेस्क) बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 की तैयारियों के तहत सोमवार को जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिला पदाधिकारी रोशन कुशवाहा ने जितवारपुर स्थित ईवीएम वेयरहाउस का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी, सीलिंग प्रक्रिया और मशीनों के सुरक्षित भंडारण की विस्तार से समीक्षा की। वेयरहाउस को राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में खोला गया। निर्धारित प्रक्रिया के तहत सभी विधानसभा क्षेत्रों के अनुसार ईवीएम का विच्छेदकरण (सेग्रिगेशन) किया गया।

डीएम कुशवाहा और पुलिस अधीक्षक अरविंद प्रताप सिंह की निगरानी में यह प्रक्रिया पूरी हुई। ईवीएम मशीनों को संबंधित रिटर्निंग अधिकारियों (RO) को सुपुर्द किया जाएगा।
डीएम ने निर्देश दिया कि सुरक्षा में कोई चूक न हो और सभी सीसीटीवी कैमरे 24 घंटे क्रियाशील रहें। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता और तय मापदंडों के अनुसार होनी चाहिए।
इस अवसर पर उप निर्वाचन पदाधिकारी विनोद कुमार, सभी एआरओ और राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।

