समस्तीपुर, 10 अक्तूबर (समस्तीपुर डेस्क) बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर रोसड़ा और हसनपुर विधानसभा क्षेत्रों में शुक्रवार से नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई। प्रशासन ने नामांकन को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए पुख्ता इंतजाम किए हैं।

रोसड़ा में अनुमंडलीय सभागार और हसनपुर में भूमि सुधार उपसमाहर्ता कक्षा को नामांकन स्थल बनाया गया है। दोनों जगहों पर 17 कोषांग बनाए गए हैं, जहां कर्मियों की तैनाती की गई है।
पूरे परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं और वीडियोग्राफी कराई जा रही है। भीड़ नियंत्रण के लिए ड्रॉप गेट, दंडाधिकारी और पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। नामांकन स्थल से 100 मीटर के दायरे में उम्मीदवारों के समर्थकों का प्रवेश वर्जित है।
पहले दिन कांग्रेस प्रत्याशी बी. के. रवि ने इंडिया गठबंधन की ओर से रोसड़ा से पर्चा लिया। दिनभर अन्य प्रत्याशियों के नामांकन की प्रतीक्षा होती रही।
पार्टी उम्मीदवारों की घोषणा में देरी के कारण फिलहाल नामांकन की रफ्तार धीमी है, लेकिन आने वाले दिनों में प्रक्रिया के तेज होने की संभावना है।

