नई दिल्ली, 10 नवम्बर (अशोक “अश्क”) उत्तर प्रदेश की योगी सरकार में रहे पूर्व कैबिनेट मंत्री और सुभासपा अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा बयान दिया है। एनडीए का हिस्सा होने के बावजूद राजभर ने दावा किया कि इस बार बिहार में एनडीए सत्ता से बाहर हो जाएगा और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव के बेटे तेजस्वी यादव की सरकार बनेगी।

राजभर ने अपने दावे के समर्थन में कहा कि बिहार में जब भी मतदान प्रतिशत 60 प्रतिशत से अधिक हुआ है, तब राजद की सरकार बनी है। उन्होंने बताया, “मैंने गूगल पर देखा कि जब भी बिहार में ज्यादा वोटिंग होती है, राजद की जीत तय होती है। इस बार भी 60% से ऊपर मतदान हुआ है, इसलिए तेजस्वी की सरकार बननी चाहिए।”
राजभर ने बिहार की चुनावी जंग को “घाचपेच वाला” बताया और कहा कि इस बार जनता चुप है, जबकि नेता ही केवल बोल रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि ओवैसी और प्रशांत किशोर (पीके) दोनों ही राजद के खिलाफ मोर्चा खोले हुए हैं, जिससे राजनीतिक समीकरण और जटिल हो गए हैं।
बिहार में दो चरणों में मतदान होना है। पहले चरण में करीब 65 प्रतिशत मतदान हुआ—जो अब तक का सबसे अधिक है। दूसरा चरण 11 नवंबर को होगा। राजनीतिक विश्लेषक मानते हैं कि अधिक मतदान आमतौर पर सत्ता विरोधी लहर का संकेत होता है। अगर राजभर का तर्क सही साबित हुआ, तो बिहार की सियासत में एक बार फिर लालू परिवार की वापसी संभव है।

