पूर्णिया(राजेश कुमार झा) बिहार के पूर्णिया जिले से एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां मधुमक्खियों के हमले में एक किसान की जान चली गई और चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा सिमुलतला थाना क्षेत्र के मौनतरी जंगल में मंगलवार सुबह उस वक्त हुआ, जब पांच लोग मवेशी चराने के लिए जंगल गए थे।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अचानक मधुमक्खियों के एक बड़े झुंड ने सभी लोगों पर हमला कर दिया। मधुमक्खियों के डंक से सभी लोग मौके पर ही अचेत होकर गिर पड़े। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और सभी घायलों को तत्काल पास के एक क्लीनिक में भर्ती कराया।
इलाज के दौरान लीलावरण गांव निवासी शंकर यादव की मौत हो गई। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही थी, लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका। शंकर यादव एक किसान थे और रोज की तरह अपने गांव के अन्य लोगों के साथ मवेशी चराने जंगल गए थे।
घायल हुए चार अन्य लोगों का इलाज स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र में जारी है। डॉक्टरों के मुताबिक, सभी को मधुमक्खियों के कई डंक लगे हैं और समय पर इलाज मिलने से उनकी हालत स्थिर बनी हुई है।
ग्रामीणों का कहना है कि इस जंगल में पहले भी मधुमक्खियों के हमले की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। उन्होंने वन विभाग से मांग की है कि इस क्षेत्र में गश्ती बढ़ाई जाए और लोगों को सुरक्षित चरागाह की सुविधा दी जाए।
घटना के बाद इलाके में शोक की लहर फैल गई है और गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है।

