पटना, 29 अक्टूबर (पटना डेस्क) बिहार में चक्रवाती तूफान मोंथा का असर बुधवार से शुरू होगा और इसका प्रभाव 1 नवंबर तक रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए बताया है कि इस दौरान राज्य के कई जिलों में बारिश के साथ 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी। इससे अधिकतम तापमान में चार डिग्री तक की गिरावट आ सकती है और लोगों को हल्की ठंड का भी एहसास होगा।

बुधवार को पटना समेत अधिकांश जिलों में बादल छाए रहेंगे, जबकि गुरुवार को 48 जिलों में बारिश का पूर्वानुमान है। मौसम विभाग ने जमुई, बांका, मुंगेर, भागलपुर, कटिहार, गया, पश्चिमी-पूर्वी चंपारण, कैमूर, रोहतास, शेखपुरा और नवादा जिलों में विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है।
मंगलवार को गया, पश्चिमी चंपारण और रोहतास में हल्की वर्षा दर्ज की गई थी। चक्रवात ‘मोंथा’ बंगाल की खाड़ी से मंगलवार शाम उठा और आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों से टकराना शुरू हुआ। इसके प्रभाव से आंध्र प्रदेश, ओडिशा और तेलंगाना में जनजीवन प्रभावित हुआ है। सुरक्षा कारणों से इन राज्यों में 32 विमान उड़ानें और 27 ट्रेन सेवाएं रद्द कर दी गई हैं।
मौसम विभाग ने लोगों को सावधानी बरतने, अनावश्यक यात्रा से बचने और मौसम संबंधी अपडेट पर नजर बनाए रखने की सलाह दी है।

