
पटना, 08 मार्च (अविनाश कुमार) बिहार में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। मौसम विज्ञान केंद्र पटना ने राज्य के कई जिलों के लिए वज्रपात, मेघगर्जन और तेज हवा को लेकर अलर्ट जारी किया है। विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार 9 मार्च से 10 मार्च की सुबह तक मौसम का मिजाज अचानक बदल सकता है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना जताई गई है।मौसम विभाग ने खासकर उत्तर और पूर्वी बिहार के जिलों के लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

जिन जिलों में इस दौरान मौसम का असर देखने को मिल सकता है, उनमें सीतामढ़ी, शिवहर, पूर्वी चंपारण, मधुबनी, दरभंगा, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, सुपौल, सहरसा, मधेपुरा, पूर्णिया, अररिया, किशनगंज, कटिहार, खगड़िया, भागलपुर, मुंगेर, जमुई और बांका शामिल हैं। इन इलाकों में मेघगर्जन के साथ वज्रपात और तेज हवाएं चलने की आशंका जताई गई है।मौसम विभाग ने लोगों से खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की अपील की है। किसानों को भी खेतों में काम करते समय सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

हालांकि पश्चिम और दक्षिण बिहार के जिलों में फिलहाल कोई विशेष चेतावनी जारी नहीं की गई है। इनमें पश्चिम चंपारण, गोपालगंज, सिवान, सारण, वैशाली, पटना, भोजपुर, बक्सर, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद, अरवल, जहानाबाद, गया, नालंदा, नवादा, शेखपुरा, लखीसराय और बेगूसराय शामिल हैं।

