
पटना, 28 जनवरी (पटना डेस्क) बिहार का मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 29 और 30 जनवरी को लेकर राज्य के कई जिलों में अलर्ट जारी किया है। इस दौरान बारिश, गरज के साथ बिजली गिरने की आशंका जताई गई है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक जेट स्ट्रीम और सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से राज्य में मौसम अस्थिर बना हुआ है, जिसका असर आम जनजीवन पर पड़ेगा।IMD पटना के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार उत्तर-पश्चिम और उत्तर-मध्य बिहार के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज और सीवान जिलों में गरज के साथ बिजली गिरने की संभावना अधिक है। विभाग ने लोगों को खुले मैदान, ऊंचे पेड़ और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी है।बारिश के साथ घना कोहरा भी परेशानी बढ़ाएगा। 29 और 30 जनवरी की सुबह और देर रात उत्तर-पश्चिम व उत्तर-मध्य बिहार में घना कोहरा छा सकता है, जिससे सड़क और रेल यातायात प्रभावित होने की आशंका है।

बीते 24 घंटों में गया में सबसे कम दृश्यता 300 मीटर दर्ज की गई।तापमान की बात करें तो अगले 24 घंटों में अधिकतम तापमान में खास बदलाव नहीं होगा, लेकिन इसके बाद 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट संभव है। न्यूनतम तापमान में अगले 48 घंटों में 2 से 4 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है। हाल के दिनों में समस्तीपुर में न्यूनतम तापमान 6.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के कारण नमी बढ़ने से ठंड और कोहरा दोनों बने रहेंगे।

