
पटना, 18 जनवरी (पटना डेस्क) बिहार की सियासत में एक बार फिर तीखी बयानबाजी तेज हो गई है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए नीतीश सरकार पर सनसनीखेज आरोप लगाते हुए कहा कि वोट खरीदकर बनी असंवेदनशील सरकार पूरे प्रदेश में नाबालिग लड़कियों, छात्राओं, बेटियों और महिलाओं के खिलाफ अत्याचार करवा रही है।

तेजस्वी ने दावा किया कि ये घटनाएं सत्ता में बैठे लोगों के संरक्षण में हो रही हैं, इसलिए सरकारी अधिकारी रौंगटे खड़े कर देने वाली वीभत्स घटनाओं पर आंख मूंदे बैठे हैं और मौन साधकर महात्मा बनने का स्वांग रच रहे हैं।तेजस्वी यादव ने कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है और अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार संवेदनशील मुद्दों पर चुप्पी साधे हुए है और पीड़ितों को न्याय नहीं मिल पा रहा।

पोस्ट के अंत में तेजस्वी ने सरकार को कड़ी चेतावनी देते हुए लिखा कि सत्ता प्रायोजित और सत्ता संरक्षित अपराधी तथा सरकार में बैठे उनके निर्देशक अगर अपना अत्याचार बंद नहीं करते हैं तो जनता उन्हें जवाब देना जानती है। उन्होंने कहा कि लोग जानते हैं कि लड़ाई कैसे लड़ी जाती है और समय आने पर जनता यह दिखा देगी। बयान के बाद राजनीतिक हलकों में हलचल तेज हो गई है।

