पटना, 22 नवम्बर (पटना डेस्क) पटना सहित पूरे बिहार में ठंड ने दस्तक तेज कर दी है। नवंबर का तीसरा सप्ताह समाप्त होते ही मौसम का रुख बदलने लगा है। दिन में हल्की धूप राहत दे रही है, लेकिन सुबह और रात की ठिठुरन लगातार बढ़ रही है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले दो दिनों में राज्यभर में तापमान में और गिरावट दर्ज की जाएगी और 24 नवंबर से ठंड का असर और गहरा महसूस होगा।मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक दिन के तापमान में खास बदलाव नहीं आएगा, लेकिन रात का पारा 2 से 4 डिग्री तक लुढ़क सकता है।

उत्तर-पश्चिमी शुष्क हवाओं के असर से सुबह-शाम की सर्द हवा और ज्यादा कड़क होगी। शुक्रवार को पटना का अधिकतम तापमान 28.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि मोतिहारी 31.6 डिग्री के साथ सबसे गर्म रहा। इसके विपरीत औरंगाबाद का न्यूनतम तापमान 13.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो राज्य में सबसे कम रहा।पूर्णिया में सुबह दृश्यता 800 मीटर दर्ज की गई, हालांकि हल्के कोहरे के कारण यातायात पर कोई असर नहीं पड़ा। मौसम विभाग ने बताया कि हिमालयी क्षेत्रों में बर्फबारी और पश्चिमी विक्षोभ की कमी ने मैदानी इलाकों में ठंड बढ़ा दी है। साफ आसमान रात में तापमान को तेजी से नीचे ला रहा है।अगले सप्ताह तक सुबह हल्का कोहरा बने रहने की संभावना है। कई जिलों में रात का तापमान 10 से 12 डिग्री तक जा सकता है। दिसंबर के पहले सप्ताह में ठंड सामान्य स्तर पर पहुंचने का अनुमान है।पटना में भी अगले 48 घंटों में न्यूनतम तापमान 3-4 डिग्री नीचे आने की उम्मीद है। दिन का तापमान करीब 28 डिग्री रहेगा, लेकिन सुबह और रात की सर्दी और तेज महसूस होगी। 24 नवंबर के बाद राजधानी में हल्का कोहरा और तेज हवा बढ़ सकती है।

