पटना, 04 नवंबर (पटना डेस्क) जिला निर्वाचन पदाधिकारी एवं जिलाधिकारी कुंदन कुमार और पुलिस अधीक्षक भारत सोने की अध्यक्षता में बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 के संबंध में नालंदा में प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधियों के लिए प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया।

जिलाधिकारी कुंदन कुमार ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली के प्रेस नोट संख्या ECI/PN/316/2025 दिनांक 06.10.2025 के अनुसार पूरे बिहार राज्य में आदर्श आचार संहिता लागू हो चुकी है। उन्होंने चुनावी कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि अधिसूचना जारी होने की तिथि 10 अक्टूबर 2025, नामांकन पत्र दाखिल करने की अंतिम तिथि 17 अक्टूबर, अभ्यर्थिता वापसी की अंतिम तिथि 20 अक्टूबर, मतदान की तिथि 6 नवंबर और मतगणना 14 नवंबर को होगी।
प्रथम चरण में कुल 68 उम्मीदवार विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में चुनाव लड़ेंगे। सामान्य निर्वाचकों की संख्या 22,42,867, जिसमें पुरुष 11,81,613, महिला 10,61,200 और थर्ड जेंडर 54 हैं। विशेष रूप से 18-19 वर्ष के मतदाताओं की संख्या 39,651 और 85+ उम्र के मतदाताओं की संख्या 19,594 है। PWD मतदाताओं की संख्या 20,676 और सेवा मतदाताओं की संख्या 5,600 है।
जिलाधिकारी ने साइलेंस अवधि की जानकारी दी, जो 4 नवंबर 2025 को दोपहर 6 बजे से लागू होगी। इस दौरान प्रचार-प्रसार, सार्वजनिक रैलियों, भाषण, सोशल मीडिया प्रचार और उपहार वितरण पूर्णतः वर्जित रहेगा। उल्लंघन करने पर दो साल तक की जेल या जुर्माने का प्रावधान है।
मतदान के दिन अभ्यर्थियों और कार्यकर्ताओं के लिए वाहन की अनुमति और मतदाताओं के लिए वैकल्पिक फोटो पहचान दस्तावेजों की सूची भी जारी की गई। इसमें आधार कार्ड, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पासपोर्ट, आयुष्मान भारत हेल्थ कार्ड सहित कुल 12 वैकल्पिक पहचान दस्तावेज शामिल हैं।
पुलिस अधीक्षक भारत सोने ने बताया कि निर्वाचन स्वच्छ, निष्पक्ष और भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराए जाएंगे। जिले भर के मतदान केंद्रों पर सुरक्षा बलों की प्रतिनियुक्ति की गई है और पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है।
इस अवसर पर नगर आयुक्त दीपक कुमार मिश्रा, उप निर्वाचन पदाधिकारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी और मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित थे।

