पटना, 6 अक्तूबर (सेंट्रल डेस्क) बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की तारीखों का चुनाव आयोग ने आधिकारिक ऐलान कर दिया है। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर जानकारी दी कि राज्य में चुनाव दो चरणों में कराए जाएंगे और इसके साथ ही आदर्श आचार संहिता को तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।

- पहला चरण: 6 नवंबर को 121 विधानसभा सीटों पर मतदान होगा।
- दूसरा चरण: 11 नवंबर को 122 सीटों पर मतदान होगा।
- मतगणना: 14 नवंबर को पूरे राज्य में वोटों की गिनती की जाएगी।
मुख्य चुनाव आयुक्त ने बताया कि पूरे राज्य में सुरक्षा के व्यापक और सख्त इंतजाम किए जा रहे हैं। मतदान को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण बनाने के लिए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है।
चुनाव तारीखों की घोषणा के साथ ही राज्य की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। सभी राजनीतिक दलों ने तैयारियां शुरू कर दी हैं और उम्मीदवारों की सूची को अंतिम रूप देने के लिए बैठकों का दौर तेज़ हो गया है।
चुनाव आयोग ने स्पष्ट किया है कि आचार संहिता का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान कोई भी सरकारी घोषणा, शिलान्यास या लोकार्पण नहीं किया जा सकेगा।
बिहार विधानसभा की कुल 243 सीटों के लिए यह चुनाव राजनीतिक दृष्टिकोण से बेहद अहम माना जा रहा है, क्योंकि इससे राज्य की अगली सरकार की दिशा तय होगी।
अब सभी की निगाहें चुनावी रणनीति, गठबंधनों और उम्मीदवारों की सूची पर टिकी हैं।

