समस्तीपुर, 24 सितंबर (राजेश झा) बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में बुधवार को समस्तीपुर में सेक्टर पदाधिकारियों का एकदिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा ने की। इस मौके पर जिले के 401 सेक्टर पदाधिकारियों को चुनाव प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई।

प्रशिक्षण सत्र को संबोधित करते हुए डीएम रोशन कुशवाहा ने कहा, “निर्वाचन लोकतंत्र का सबसे बड़ा पर्व है और इसे शांतिपूर्ण व निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराना हमारी प्राथमिकता है।” उन्होंने कहा कि सेक्टर पदाधिकारी चुनावी व्यवस्था की रीढ़ होते हैं और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

डीएम ने निर्देश दिया कि सभी पदाधिकारी अपने आवंटित वाहन का ही उपयोग करें और ड्यूटी के दौरान आने वाली किसी भी समस्या की तुरंत सूचना वरीय अधिकारियों को दें। उन्होंने विशेष जोर दिया कि दिव्यांग, वृद्ध और महिला मतदाताओं को मतदान केंद्रों पर प्राथमिकता और अतिरिक्त सुविधा दी जाए।
प्रशिक्षण में EVM और VVPAT मशीनों की कार्यप्रणाली, प्री-पोल से पोस्ट-पोल तक की जिम्मेदारियां, मतदान केंद्रों पर लॉजिस्टिक व्यवस्था, मतपेटियों की सुरक्षा आदि विषयों पर विस्तृत जानकारी दी गई।
इस अवसर पर डीडीसी शैलजा पांडेय, नोडल पदाधिकारी विजय कुमार, उप निर्वाचन पदाधिकारी विनोद कुमार, डीएफओ प्रवीण कुमार, सदर एसडीएम दिलीप कुमार, सहित कई वरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।
डीएम ने प्रशिक्षण के दौरान सभी उपस्थित अधिकारियों से सवाल-जवाब किए और उनकी तत्परता की परख की। अनुपस्थित पदाधिकारियों से स्पष्टीकरण मांगा गया है और बिना अनुमति अनुपस्थित रहने वालों पर कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
डीएम ने स्पष्ट कहा, “चुनाव कार्य में अनुशासन, जिम्मेदारी और पारदर्शिता सर्वोपरि है, इसमें किसी तरह की चूक बर्दाश्त नहीं की जाएगी।”

